पिकनिक मनाने गए सहोदर भाइयों की झारखंड में मौत, गांव में मचा कोहराम

बीआर दर्शन | बक्सर
बगेन गोला थाना क्षेत्र के कोदई सुकर टोला गांव निवासी संजय कुमार यादव के दो पुत्रों की झारखंड में पिकनिक मनाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार को खूंटी जिले के मारंगहादा थाना क्षेत्र स्थित रीमिक्स फॉल में घटी। शनिवार को दोनों भाइयों का शव जब उनके पैतृक गांव पहुंचा तो पूरे गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के मुताबिक बगेन गोला थाना क्षेत्र के कोदई सुकर टोला के विनोद यादव के पुत्र शुभम कुमार यादव (16 वर्ष) और राजकुमार यादव (13 वर्ष) के बक्सर के साथ-साथ रांची के कोकर स्थित अयोध्यापुरी में भी रहते थे। दोनों छात्र आरएनजी पब्लिक स्कूल, अयोध्यापुरी में पढ़ाई कर रहे थे। राजकुमार आठवीं कक्षा में था, जबकि शुभम ने हाल ही में मैट्रिक की परीक्षा दी थी। शुक्रवार को शुभम अपने दोस्तों के साथ स्कॉर्पियो से झारखंड के खूंटी जिले स्थित रीमिक्स फॉल पिकनिक मनाने गया था। उनके साथ राजकुमार भी चला गया। फॉल पर पहुंचने के बाद शुभम, राजकुमार, संजीत और छोटू नहाने के लिए पानी में उतर गए, लेकिन गहरे पानी और तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे।
साथियों को डूबते देख निखिल नामक छात्र ने हिम्मत दिखाते हुए छोटू और संजीत को बचा लिया, जबकि राजकुमार और शुभम को बचाया नहीं जा सका। राजकुमार को पानी से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, परंतु डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुभम का शव स्थानीय गोताखोरों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद किया।शनिवार को शव जब गांव पहुंचा तो पूरे कोदई सुकर टोला में कोहराम मच गया।