पानी भरे गड्ढे में डूबने से अधेड़ की मौत, परिवार में मचा कोहराम

बीआर दर्शन | बक्सर
नावानगर थाना क्षेत्र के डांगरा पुल के समीप गुरुवार की सुबह पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से 55 वर्षीय रामचंद्र मुसहर की मौत हो गई। घटना के बाद मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


मिली जानकारी के अनुसार, नावानगर थाना क्षेत्र के केसठ गांव निवासी रामचंद्र गुरुवार की सुबह बधार की ओर गए थे। इसी दौरान असंतुलित होकर पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गए। गड्ढे में डूबने से उनकी मौत हो गई। कुछ देर बाद खेत देखने पहुंचे किसानों की नजर शव पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों और प्रशासन को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही नावानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पानी से निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पुराना सदर अस्पताल भेज दिया। बताया जा रहा है कि रामचंद्र परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। वह इन दिनों अपनी बेटियों की शादी की तैयारियों में जुटे थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।





