Accident

जनरल स्टोर में लगी भीषण आग, 40 लाख की संपत्ति राख

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

शहर के नमक गोला रोड स्थित एक जनरल स्टोर दुकान में गुरुवार की रात अगलगी की घटना हुई। घटना केनरा बैंक के समीप स्थित केशरी जनरल स्टोर में हुई। आगलगी में दुकान में रखे लाखों रुपये के सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार बबलू केशरी के मुताबिक, घटना में करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग लगने की वजह बिजली के पोल से शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

दुकानदार ने बताया कि वह गुरुवार की रात 9:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। करीब आधे घंटे बाद मोहल्ले के लोगों ने फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी। जब वह मौके पर पहुंचे, तब तक आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया था। आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। आग की भयावहता को देखते हुए दो और दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। तीनों गाड़ियों की मदद से अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान घटनास्थल पर लोगों की काफी भीड़ जुट गई थी। सदर अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी और प्रधान अग्निक हरेकृष्ण कुमार के नेतृत्व में टीम ने राहत एवं बचाव कार्य चलाया।

अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी ने बताया कि केशरी जनरल स्टोर में बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। तीन अग्निशमन वाहनों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि आग से दुकान में रखे सामान को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, विभाग की त्वरित कार्रवाई से काफी सामान बचा लिया गया। आग को आसपास की दुकानों और मकानों तक फैलने से भी रोक दिया गया। यहां होलसेल और खुदरा दोनों तरह का कारोबार होता था। दुकान में डिटर्जेंट पाउडर, तेल, साबुन, बिस्कुट, शैंपू, चॉकलेट, आइसक्रीम, मेहंदी समेत जनरल स्टोर से जुड़े कई उत्पाद रखे थे। दुकान के पीछे बने गोदाम में भी आग लग गई। बबलू केशरी मूल रूप से रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के बेलथरी गांव के निवासी हैं।

अग्निशमन विभाग ने लोगों से बिजली के उपकरणों और वायरिंग की नियमित जांच कराने की अपील की है। विभाग ने गुणवत्तापूर्ण विद्युत सामग्री का इस्तेमाल करने और प्रतिष्ठानों में अग्निशमन यंत्र लगाने की सलाह दी है। आग लगने की स्थिति में तत्काल 101 या 112 पर सूचना देने को कहा गया है। इसके अलावा विभाग के मोबाइल नंबर 7485805930 और 7485805931 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button