हथियार के बल पर डकैती, विरोध करने पर मां बेटे को किया जख्मी

बीआर दर्शन। बक्सर
धनसोई थाना क्षेत्र के करमा गांव में शुक्रवार की रात करीब दो बजे अपराधियों ने एक घर में घुस कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी का विरोध करने पर अपराधियों ने मां – बेटे को लोहे के टांगी से मार कर जख्मी कर दिया। अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। घटना की सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ धीरज कुमार और धनसोई थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश सिंह मौके पर पहुंच जांच में जुट गए।
मिली जानकारी के मुताबिक करमा गांव निवासी रामप्रवेश सिंह के घर में रात के करीब दो बजे लगभग चार पांच की संख्या में अज्ञात चोर छत के सहारे घुस गए। चोरों के घर में घुसने पर घर में मौजूद राम प्रवेश की पत्नी कलावती देवी, लड़का शेषमुनि सिंह जाग गए। दोनों ने चोरों का विरोध किया तो चोरों ने सिर पर टांगी से मारकर जख्मी कर दिया। इस दौरान दोनों मां बेटा गंभीर रूप से जख्मी हो गए। चोरों ने हथियार के बल पर सभी को कब्जे में ले लिया।इसके बाद घर का सारा कीमती सामान एक ट्रॉली बैग में भर कर गांव से पश्चिम दिशा की तरफ फरार हो गए। परिजनों के मुताबिक घर में रखे लाखों रुपए के गहने, बीस हजार नगदी सहित कई तरह के कीमती सामान तमंचे के बल पर लूट लिए। जख्मी मां बेटे का निजी अस्पताल में इलाज कराने के बाद बेहतर इलाज़ के लिए सदर अस्पताल सासाराम में भर्ती कराया गया।
थानाध्यक्ष ज्ञानप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। चोरों के गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है।