एनएच पर अज्ञात वाहन ने अधेड़ को मारी टक्कर, हुई मौत

बीआर दर्शन | बक्सर
बक्सर-आरा राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 922 पर सोमवार की दोपहर सड़क दुघर्टना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नुआंव गांव के समीप हुई। मृतक का नाम तेजु यादव (उम्र लगभग 65 वर्ष) था। मृतक नुआंव गांव के ही रहने वाले थे।



स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक वे सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से जा रहे वाहन ने उन्हें टक्कर मारी। टक्कर की आवाज सुन आसपास के लोग दौड़कर आए और उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी में जुट गए। लेकिन, तेजु यादव के शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही थी। यह देख लोग समझ गए कि अब वे नहीं रहे। तत्काल इसकी सूचना कृष्णाब्रह्म थाने को दी गई। पुलिस टीम की देखरेख में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने मीडिया को बताया कि वाहन चालक भागने में सफल रहा। एनएच पर लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं।





