गैस रिसाव से घर में लगी भीषण आग, हजारों का सामान राख

बीआर दर्शन | बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र के कजरिया गांव में रसोई गैस रिसाव के कारण भीषण आग लग गई। घटना गांव निवासी मृत्युंजय पाण्डेय के घर में हुआ। आग के चपेट में आने से घर का सामान जलकर नष्ट हो गया।

बताया जाता है कि शनिवार शाम करीब 7:30 बजे घर की महिला खाना बनाने के लिए रसोई में गई थी। सिलेंडर से पहले से गैस का रिसाव हो रहा था। इसकी जानकारी परिजनों को नहीं थी। महिला ने जैसे ही चूल्हा जलाने के लिए माचिस की तीली जलाई, गैस ने तुरंत आग पकड़ ली।

देखते ही देखते आग की लपटें पूरे घर में फैल गईं। आग का विकराल रूप देखकर परिजन जान बचाकर बाहर निकल गए। इसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बालू और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक घर में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो चुके थे। घटना में हजारों रुपये के सामान के नुकसान की बात सामने आई है।





