तेज रफ्तार पिकअप के टक्कर से ऑटो पलटा, युवती की मौत

बीआर दर्शन | बक्सर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर लालगंज गांव से आगे शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसे की वजह तेज रफ्तार में ओवरटेक करना बताया जा रहा है। टक्कर लगते ही ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मिली जानकारी के मुताबिक ऑटो जिला मुख्यालय से रोहतास जिला के दिनारा थाना क्षेत्र के सैसड़ गांव की ओर जा रहा था। ऑटो में सवार अधिकांश यात्री सैसड़ गांव के निवासी थे। लालगंज गांव से थोड़ा आगे पीछे से आ रही पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा।


इसी दौरान रोटी बैंक के अध्यक्ष रासबिहारी ओझा अपनी पत्नी के साथ गांव से लौट रहे थे। उन्होंने सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ी दो युवतियों को देखा और तत्काल एक ऑटो रुकवाकर स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिमा कुमारी (21 वर्ष), पिता बजरंगी पाठक, निवासी सैसड़ की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल जया कुमारी, पिता प्रमोद साह, निवासी सैसड़ को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे में घायल अन्य लोगों में मीना देवी (55 वर्ष), कन्हैया पाठक (60 वर्ष), सोनम कुमारी (14 वर्ष), गुडू राम (36 वर्ष) तथा शिवानी कुमारी (10 वर्ष) शामिल हैं। सभी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की इटाढ़ी गुमटी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजवाने में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।




