OTHERS

गौशाला की जमीन से एक दर्जन परिवार के आशियाने पर चला बुलडोजर, पीड़ित लगाते रहे गुहार 

 

बीआर दर्शन | बक्सर

शहर के श्मशान घाट रोड स्थित आदर्श गौशाला की जमीन शुक्रवार को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर परिषद की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई हुई। इस दौरान झोपड़ीनुमा और करकट से बने मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। पीड़ित परिवार बरसात तक रुकने का गुहार लगाते रहे।

मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को नगर परिषद के सिटी मैनेजर राजमणि गुप्ता के नेतृत्व में दोपहर करीब दो बजे टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई से पहले वहां रह रहे परिवारों को घर-गृहस्थी का सामान सुरक्षित निकालने के लिए करीब एक घंटे का समय दिया गया। इसके बाद तीन बजे दो बुलडोजर अतिक्रमित क्षेत्र में पहुंचे और मकानों को जमींदोज करना शुरू कर दिया। सिटी मैनेजर राजमणि गुप्ता ने बताया कि गौशाला की जमीन पर अवैध रूप से रह रहे लोगों को पिछले तीन-चार वर्षों से जमीन खाली करने का नोटिस दिया जा रहा था। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को सख्ती के साथ कार्रवाई करते हुए करीब एक दर्जन परिवारों को वहां से हटाया गया।

इस दौरान कई बुजुर्ग महिलाएं प्रशासनिक अधिकारियों के सामने गुहार लगाती रहीं। महिलाओं ने बरसात तक वहीं रहने की मोहलत मांगी। महिलाओं का कहना था कि बरसात खत्म होने के बाद वे खुद जमीन खाली कर देंगी। हालांकि प्रशासन ने निर्धारित कार्रवाई को नहीं रोका। महिला पुलिस बल ने महिलाओं को मौके से हटाया। बताया गया कि आदर्श गौशाला मुख्य रूप से स्टेशन रोड पर संचालित होती है। श्मशान घाट रोड स्थित उक्त जमीन भी गौशाला की बताई गई है।

गौशाला समिति की ओर से लंबे समय से इस जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की जा रही थी। समिति के सदस्यों ने लोक शिकायत निवारण सहित विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों के समक्ष आवेदन देकर जमीन खाली कराने की गुहार लगाई थी। आज की कार्रवाई के बाद गौशाला की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने की प्रक्रिया पूरी की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button