Accident

डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में सड़क दुघर्टना में सीआईएसएफ जवान समेत दो की मौत 

 

बीआर दर्शन | बक्सर

डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घनाओं में सीआईएसएफ जवान समेत दो की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

डुमरांव-बिक्रमगंज सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-120 पर कोरान सराय स्थित छोटा पड़ाव के पास हादसे में सीआईएसएफ जवान की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बालू लदे 18 चक्का ट्रेलर ने बाइक सवार जवान अनिल कुमार राय (47 वर्ष) को चपेट में ले लिया। वह उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र अंतर्गत खोरी पाकर के रहनेवाले थे। वह पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में सीआईएसएफ में तैनात थे। बेटे का जन्मदिन मनाने के लिए छुट्टी लेकर बाइक से ही घर लौट रहे थे।

सड़क दुर्घटना के बाद बाइक सवार जवान गिर पड़े और ट्रेलर उनके सिर को रौंदते हुए आगे निकल गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, हादसा इतना अचानक और भयावह था कि कोई कुछ समझ पाता, उससे पहले ही सब कुछ खत्म हो चुका था। ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया।

वहीं बगेन गोला थाना क्षेत्र के पोखरहा गांव निवासी गणेश राय के पुत्र विकास राय की मौत लोहवा पुल के समीप खड़े ट्रक में बाइक के टकराने से हो गई।

बताया जाता है कि विकास राय दो भाइयों में बड़ा था। उसके माता-पिता गुजरात में रहते हैं। उसके पिता गुजरात में निजी नौकरी करते हैं। विकास अपनी पत्नी और तीन वर्षीय पुत्र के साथ आरा में रहता था। गांव में परिवार का कोई अन्य सदस्य नहीं रहता था। किसी काम के सिलसिले में वह शुक्रवार की सुबह आरा से अपने पैतृक गांव पोखरहा आया था।

ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार की शाम विकास अपने एक मित्र के साथ रघुनाथपुर में पार्टी मनाने गया था। पार्टी समाप्त होने के बाद करीब सात बजे वह मित्र की बाइक से अपने गांव पोखरहा लौट रहा था। इसी दौरान लोहवा पुल के समीप तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जोरदार तरीके से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए और घायल विकास को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ब्रह्मपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना बगेन गोला थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभय शंकर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button