वीर कुंवर सिंह पुल पर कार और बाइक में टक्कर, तीन जख्मी

बीआर दर्शन | बक्सर
पुराने वीर कुंवर सिंह सेतु पर सोमवार को दोपहर बाइक और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर में बाइक सवार तीन युवक जख्मी हो गए। जख्मियों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें आई हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जरीगांवा गांव के रहने वाले मिथुन कुमार (32 वर्ष), पिता विजय बिन, शक्ति कुमार (21 वर्ष), पिता राजू बिन तथा भोला कुमार (21 वर्ष), पिता खुखनू बिन उत्तर प्रदेश से बाइक पर सवार होकर बक्सर आ रहे थे। इसी दौरान पुराने वीर कुंवर सिंह सेतु पर अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रही कार से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं कार को भी नुकसान पहुंचा। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।


पुल से गुजर रहे लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को गोलंबर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गोलंबर पोस्ट प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि तीनों में मिथुन कुमार की स्थिति गंभीर है, जबकि शक्ति कुमार और भोला कुमार को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद दुर्घटनाग्रस्त बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।





