धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, किला मैदान में प्रभारी मंत्री ने फहराया तिरंगा

बीआर दर्शन | बक्सर
बक्सर में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिले का मुख्य समारोह ऐतिहासिक किला मैदान में आयोजित हुआ, जहां जिले के प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन किया। मुख्य समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस पदाधिकारी, जवान और आम लोग मौजूद रहे।

प्रभारी मंत्री नंदकिशोर राम ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी हमें लंबे संघर्ष और असंख्य वीरों के बलिदान के बाद मिली है। उन्होंने लोगों से देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने सरकार की ओर से जिले में चलाए जा रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी।

मुख्य समारोह को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। किला मैदान के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई थी। समारोह स्थल पर आने वाले लोगों के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। पूरा किला मैदान तिरंगे और देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

किला मैदान में मुख्य कार्यक्रम के बाद जिला समाहरणालय परिसर में जिलाधिकारी साहिला ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान समाहरणालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की।

इसके अलावा जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और विभिन्न संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया गया। सुबह से ही बक्सर शहर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह का माहौल रहा। जगह-जगह तिरंगा लहराता नजर आया और देशभक्ति गीतों से वातावरण गूंजता रहा। लोगों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की प्रगति, एकता और अखंडता में योगदान देने का संकल्प लिया।

व्यवहार न्यायालय में प्रधान जिला जज काजल झांब ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। पुस्तकालय भवन के प्रांगण में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बबन ओझा ने फहराया । उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष वेद प्रकाश सिंह ने फहराया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार भवन प्राधिकार की अध्यक्ष प्रधान जिला जज काजल झांब ने ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन किया। मुख्य समारोह में न्यायाधीशगण व अधिवक्तागण, अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जवान और बच्चे मौजूद रहे।




