सीएम के कार्यक्रम में लापरवाही पर बक्सर नगरपरिषद के ईओ निलंबित

बीआर दर्शन | बक्सर
नगर विकास एवं आवास विभाग ने बक्सर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कुमार ऋत्विक को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई 23 मई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बक्सर दौरे के दौरान किला मैदान में बनाए गए हेलीपैड पर बरती गई लापरवाही के मामले में की गई है।



विभाग के अवर सचिव ने सोमवार को निलंबन का आदेश जारी किया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय मुजफ्फरपुर नगर निगम कार्यालय होगा। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग से पहले हेलीपैड पर पर्याप्त पानी का छिड़काव नहीं कराया गया था। इससे हेलीकॉप्टर के उतरने के दौरान धूल का घना गुबार उठ गया और तीन-चार प्रयास के बावजूद सुरक्षित लैंडिंग नहीं हो सकी। बाद में प्रशासन को आनन-फानन में हेलीकॉप्टर को नई बाजार स्थित हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा। घटना के बाद डीएम साहिल ने एडीएम की अध्यक्षता में जांच टीम गठित की थी। जांच रिपोर्ट में ईओ की लापरवाही सामने आने पर नगर विकास एवं आवास विभाग ने उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।





