डुमरांव में 79 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, कार जब्त

बीआर दर्शन | बक्सर
डुमरांव पुलिस को सोमवार की शाम बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ कड़ा प्रहार किया है। डुमरांव पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर करीब 78.965 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

डीएसपी पोलस्त कुमार ने बताया कि सोमवार को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि डुमरांव थाना अंतर्गत जंगल बाजार रोड, शक्ति द्वार निवासी छोटे तुरहा अपने घर में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा और अंचल निरीक्षक अरविंद कुमार सहित कई पुलिस बल शामिल थे।


पुलिस टीम ने जब छोटे तुरहा के घर छापेमारी की गई, तो वहां से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मौके से पुलिस ने छोटे तुरहा के साथ दो अन्य सहयोगियों को भी धर दबोचा। पकड़े गए तस्करों की पहचान छोटे तुरहा निवासी जंगल बाजार रोड, डुमरांव, भीम कुमार पिता सत्येन्द्र प्रसाद, निवासी भदार, थाना सिकरौल और सत्येन्द्र कुमार पिता जवाहर तुरहा, निवासी मसाढ़, थाना उदवंतनगर के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि वह और उसका भाई सुरेंद्र तुरहा लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त हैं। उसका भाई फिलहाल जेल में है, लेकिन वह पुलिस की नजरों से बचकर नए सहयोगियों के साथ इस काले कारोबार को जारी रखे हुए था। सत्येन्द्र कुमार पर पहले से भी भोजपुर के उदवंतनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान गांजा 78.965 किलोग्राम, एक सफेद रंग की कार, एक कीमती स्मार्टफोन जब्त किया है। इस कार्रवाई में डीएसपी पोलस्त कुमार के साथ अंचल निरीक्षक अरविंद कुमार, थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, पुअनि मतेंद्र कुमार, पुअनि गौतम कुमार, डीआईयू टीम और डुमरांव थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।





