नाबालिग को अगवा कर किया दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार

बीआर दर्शन। बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग को अगवा कर तीन युवकों ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना को लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आराेपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पीड़िता का मेडिकल जांच सदर अस्पताल में कराया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक राजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी बुधवार को बधार में काम करने गई थी। किशोरी घर नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। किशोरी के नहीं मिलने पर परिजनों ने राजपुर थाने में अपहरण का मामला दर्ज करवाया। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस लड़की की खोजबीन आरंभ कर दिया तभी गुरुवार की शाम गांव के बधार में एक किशोरी के बेसुध स्थिति पड़ी होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच उसको अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल ले गई और इलाज के साथ पुछताछ की गई। किशोरी ने बताया कि गांव के ही रंजीत राजभर उर्फ बंटी, धनजी राजभर और बिट्टू चौधरी ने उसे जबरिया अगवा कर लिया था और उसके साथ दुष्कर्म किया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि छापेमारी कर तीनों युवकों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। वहीं लड़की को कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत कर बयान दर्ज कर लिया गया।