राजपुर में ट्रक के धक्के से बाइक सवार महिला की मौत, एक जख्मी

बीआर दर्शन | बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा – कोचस मुख्य मार्ग पर बसही पुल के पास अनियंत्रित अज्ञात ट्रक के धक्के से बाइक सवार महिला सुनीता देवी की मौत हो गई। वहीं बाइक चालक राजेश चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंची राजपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक बसही गांव निवासी शिवजी राम की पत्नी सुनीता देवी बसही गांव से बाहर रोड पर खड़ा होकर कोचस की तरफ जाने के लिए किसी यात्री गाड़ी का इंतजार कर रही थी। तभी अकबरपुर गांव निवासी राजेश चौहान अपनी बाइक लेकर जा रहा था। जिसे देख महिला ने जाने का इशारा किया। राजेश ने इस महिला को अपने साथ बाइक पर बैठा लिया। जैसे ही वह गांव से निकलकर बसही पुल पर पहुंचा तभी कोचस की तरफ से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने इसमें जोरदार धक्का मार दिया। धक्का लगते ही महिला बाइक से गिर गयी और घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वही युवक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक गाड़ी लेकर भागने में सफल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने पहुंचकर तत्काल घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की खबर मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। और शव को रोड पर रखकर मुआवजे को लेकर रोड को जाम कर दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची राजपुर पुलिस ग्रामीणों को समझाकर जाम हटवा दिया। राजपुर थानाध्यक्ष ज्ञानप्रकाश सिंह ने बताया की घटना की सुचना पर पहुंच लोगो को समझाकर जाम हटवा दिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। ट्रक की पहचान को लेकर पुलिस के द्वारा कोशिश की जा रही है।