Accident

तालाब में नहाने के दौरान डूबने से अधेड़ की मौत, पसरा मातम 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

धनसोई थाना क्षेत्र के बन्नी गांव स्थित तालाब में डूबने से 50 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद से ही मृतक के परिवार में मातमी सन्नाटा पसर गया। मृतक की पहचान बन्नी गांव निवासी शिव कुमार पासी पिता शिव योग पासी के रूप में की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की दोपहर शिव कुमार पासी रोजाना की तरह अपने खेत की तरफ काम करने गए थे। काम खत्म करने के बाद वे पास ही स्थित एक तालाब में नहाने के लिए चले गए। इसी दौरान पैर फिसलने के कारण वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

जब देर शाम तक शिव कुमार अपने घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने देर रात तक उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन अंधेरा होने के कारण उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना के लगभग 15 घंटे बाद, बुधवार की सुबह जब ग्रामीण दोबारा खेतों की तरफ गए, तो उन्होंने तालाब में एक शव को देखा। शव की पहचान होते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते तालाब के पास ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों द्वारा तुरंत इस घटना की सूचना स्थानीय धनसोई थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button