जमीन कब्जा करने पहुंचे पूर्व मंत्री समेत पांच गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

बीआर दर्शन। बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र के देवढ़िया पंचायत के सैंथू बसंतपुर मौजा के पास से करीब 14 एकड़ विवादित जमीन कब्जा करने पहुंचे पूर्व राजपुर विधायक सह पूर्व मंत्री छेदी राम समेत गिरफ्तार पांच को पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस ने हथियारों को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक सैंथू गांव निवासी गणेश चौबे एवं अंबुज उर्फ हजारी चौबे के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवादित जमीन पर खेती करने के लिए लोग पंचायती के लिए जुटे हुए थे। दोनों पक्षों के तरफ से काफी देर तक बहस हुआ। मौके पर राजपुर के पूर्व विधायक छेदी राम और देवढ़िया पंचायत के पूर्व मुखिया पति संजय राम हथियार के साथ पहुंचे हुए थे। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को देख यह सभी भागने लगे। तभी पुलिस ने खदेड़ कर सभी को पकड़ लिया। इनके पास से दो राइफल, 57 गोली, एक खोखा और एक स्कार्पियो वाहन जब्त किया गया। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया। बताया जा रहा है कि जब्त राइफल लाइसेंसी है। एसडीपीओ धीरज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार सभी को जेल भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।