Accident

सड़क हादसे में शिक्षक समेत दो की मौत, परिवार में पसरा मातम 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में हुए सड़क दुघर्टना में शिक्षक समेत दो की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसर गया।

जिले में शुक्रवार की सुबह इटाढ़ी-धनसोई मार्ग पर चिरइटांड मोड़ के समीप ट्रक के चपेट में आने से स्कूटी सवार शिक्षक की मौत हो गई। शिक्षक अपने घर से स्कूल जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। मृत शिक्षक की पहचान चौसा प्रखंड के सरेजा गांव निवासी काशी रजक के पुत्र वीरेंद्र रजक के रूप में हुई है। वह जिला मुख्यालय के मित्रलोक कॉलोनी स्थित अपने आवास से स्कूटी पर सवार होकर धनसोई के उधोपुर प्राथमिक विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब नौ बजे चिरइटांड मोड़ के समीप सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद वह ट्रक के साथ कुछ दूर तक घसीटते चले गए। इस भीषण हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना गंभीर था कि शिक्षक को बचने का मौका तक नहीं मिला। सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। वीरेंद्र रजक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि उनकी पत्नी मंजू देवी भी सिमरी प्रखंड में शिक्षिका हैं। साथी शिक्षक की दर्दनाक मौत से जिले के शिक्षक समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है।

वहीं दूसरी घटना नया भोजपुर थाना क्षेत्र के एनएच-922 पर पुराना भोजपुर के समीप गुरुवार की रात सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के कन्हौर गांव निवासी उमेश बिंद के 22 वर्षीय पुत्र बीपी कुमार के रूप में हुई है। युवक दशहरा मेला घूमने के लिए अपने ननिहाल पुराना भोजपुर आया था। इसके बाद से वह वहीं रह रहा था। शाम वह किसी काम से बाइक लेकर बाहर निकला था।

रात करीब नौ बजे वह घर लौट रहा था। इसी दौरान पुराना भोजपुर के समीप एक स्कॉर्पियो ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उसके सिर से खून बह रहा था।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद उसे सदर अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके ननिहाल पुराना भोजपुर और पैतृक गांव कन्हौर में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button