गंगा में डूबने से किशोर की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बीआर दर्शन | बक्सर
जिले के रामदास राय डेरा ओपी क्षेत्र के गंगा नदी में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार अभिलाख डेरा के परमात्मा बिंद गंगा किनारे परवल सब्जी की खेती करते हैं। शुक्रवार शाम करीब छह बजे उनका पुत्र विवेक 14 वर्ष खेत पर था। इसी दौरान उसने परिजनों से कहा कि वह पानी पीकर आता है और खेत से निकल गया। लेकिन इसके बाद वह लौटकर नहीं आया। खेत पर काम कर रहे परिजनों को लगा कि वह शायद घर चला गया होगा। इस भ्रम में रात भर कोई खोजबीन नहीं हुई। शनिवार सुबह जब विवेक के पिता खेत से घर पहुंचे और बेटे के बारे में पूछा तो घर नहीं लौटने की जानकारी मिली। इसके बाद घरवालों ने इधर-उधर तलाश शुरू की लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो गंगा में डूबने की आशंका जताई गई। आनन-फानन में स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर गंगा में तलाश करवाई गई। करीब 16 घंटे बाद शनिवार सुबह 9 बजे गोताखोरों ने विवेक का शव बरामद कर लिया। बेटे का शव देखते ही माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलते ही डेरा थानाध्यक्ष शुभम कुमार सदा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। की कार्रवाई में जुट गए। विवेक पढ़ाई के साथ-साथ खेतों में भी पिता का हाथ बंटाता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।