OTHERS

स्टेशन पर चला टिकट जांच अभियान, यात्रियों ने लगाया बदसलूकी का आरोप 

 

बीआर दर्शन | बक्सर

स्थानीय रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को रेलवे प्रशासन द्वारा टिकट जांच अभियान चलाया गया। आरोप है कि टिकट जांच के दौरान टिकट निरीक्षकों की विशेष टीम ने कई यात्रियों को वैध टिकट होने के बावजूद रोककर उनसे दुर्व्यवहार करते हुए जुर्माना वसूला। यात्रियों का आरोप है कि टीटीई ने टिकट दिखाने के बावजूद अलग-अलग बहानों से फाइन किया और बदसलूकी भी की। इस कार्रवाई में महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया, जिससे स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, यह विशेष जांच टीम लाल रंग की गाड़ी से दानापुर से बक्सर पहुंची थी। जांच पूरी करने के बाद टीम तत्काल वापस लौट गई। इसलिए जिन टिकट निरीक्षकों पर आरोप लगाए गए, उनका पक्ष सामने नहीं आ सका है। जिन यात्रियों से जुर्माना वसूला गया, उन्होंने मीडिया के सामने अपनी आपबीती सुनाई। यात्रियों ने बताया कि उन्हें बेवजह परेशान किया गया। बक्सर निवासी आदित्य केसरी ने बताया कि उनकी बहन की शादी है और वह पत्नी के साथ पटना जा रहे थे। उन्होंने बताया, “मैं प्लेटफार्म पर आगे चला गया था और मेरी पत्नी पीछे थी। जैसे ही मैंने सामान रखा, टीटीई ने पकड़ लिया। मैंने बताया कि पत्नी टिकट लेकर आ रही है, लेकिन उन्होंने एक न सुनी और गाली-गलौज शुरू कर दी। टिकट दिखाने के बाद भी छोड़ा नहीं और बदसलूकी करते रहे।”

वहीं दिलदारनगर से फतुहा जाने वाले देवानंद सिंह ने बताया कि ट्रेन रुकने पर वह पानी पीने उतरे थे। तभी टीटीई ने उन्हें पकड़ लिया। देवानंद बोले, “मेरे पास टिकट था लेकिन उन्होंने कहा कि आप एसी बोगी में सफर कर रहे थे, इसलिए जुर्माना देना होगा।” सिविल लाइंस बक्सर निवासी गायक गुड्डू पाठक ने भी आरोप लगाया कि उन्होंने पत्नी को छोड़ने के लिए स्टेशन गए थे। प्लेटफॉर्म टिकट रहने के बावजूद भी उनसे 900 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

घटना के बाद काफी देर तक यात्रियों में आक्राेश का माहौल बना रहा। कई लोग स्टेशन परिसर में टीटीई की मनमानी को लेकर नारेबाजी करने लगे। स्थानीय यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से इस घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि रेलवे की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button