OTHERS

राजनीति के फकीर थे लालमुनी चौबे, श्रद्धांजलि सभा याद किए गए पूर्व सांसद

 

बीआर दर्शन | बक्सर

पूर्व सांसद स्वर्गीय लालमुनी चौबे की नौवीं श्रद्धांजलि सभा स्टेशन रोड स्थित नगर भवन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा सहित कई गणमान्य नेता उपस्थित हुए। इस अवसर पर सभी ने स्व. चौबे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों और सिद्धांतों को याद किया।

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि स्वर्गीय लालमुनी चौबे केवल नाम से ही नहीं, बल्कि विचार और आचरण से भी एक सच्चे ‘मुनि’ थे। उनका संपूर्ण जीवन संत प्रवृत्ति और उच्च आदर्शों से परिपूर्ण था। उन्होंने भारतीय संस्कृति और परंपराओं को आत्मसात किया और अपने सिद्धांतों पर अडिग रहे। उन्होंने आगे कहा कि स्वर्गीय चौबे जी की मित्रता सीमित दायरे तक नहीं थी, बल्कि उनके विचारों के कारण वे सभी के प्रिय और सम्मानित थे।

योगिराज’ थे लालमुनी चौबे – मनोज सिन्हा

इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने स्व. चौबे को ‘योगिराज’ की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि वे भारतीय राजनीति के ऐसे नेता थे जिन्होंने राजनीति को केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त उपकरण माना। उनका जीवन आदर्श राजनीति की मिसाल था।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि लालमुनी चौबे जी जीवन पर्यंत समाज की सेवा में समर्पित रहे। वे एक न्यायसंगत व्यवस्था के लिए संघर्षरत रहे और लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा के दौरान समाजवादी नेता स्व. मुलायम सिंह यादव को जवाब देते हुए कहा था कि समाजवाद केवल एक विचारधारा नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह होना चाहिए, जहां सभी को समान स्थान मिले। उनका जीवन आध्यात्मिकता और सार्वजनिक सेवा का अनूठा संगम था। वे समाज में समानता और सुधार के प्रबल पक्षधर थे। उनके विचार और सिद्धांत समाज को नई दिशा देने वाले थे।

श्रद्धांजलि सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, पूर्व मंत्री संतोष निराला, भाजपा नेता मिथिलेश तिवारी, जदयू जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन, स्व. लालमुनी चौबे के पुत्र शिशिर चौबे सहित कई नेता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button