नाली विवाद को लेकर शहर के बीच में गरजी बंदूक, आधा दर्जन राउंड फायरिंग

बीआर दर्शन | बक्सर
शहर में नाली विवाद को लेकर रविवार की शाम पीपी रोड गोलियों की तड़तड़ाहट से गुंज उठा। अचानक हुई गोलीबारी की घटना से अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस और डीआईयू की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शहर के पीपी रोड के रहने वाले राम स्वरूप अग्रवाल और बब्लू गुप्ता के बीच नाली को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार की शाम दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी बीच राम स्वरूप अग्रवाल के दरवाजे पर दनादन आठ से दस राउंड फायरिंग की गई। फायरिंग की घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि अचानक शहर में भीड़भाड़ वाले स्थान पर फायरिंग होने से अफरातफरी मच गई। बता दें कि कल सोमवारी और रक्षाबंधन पर्व होने के कारण शहर में काफी भीड़ थी। कांवरियों का आना-जाना भी लगा हुआ था। सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने एक राइफल और कुछ कारतुस भी जब्त किया है।पुलिस ने दोनों पक्षों के करीब पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले में पूछताछ कर रही है। घटना को लेकर पुलिस अभी कुछ बोलने से परहेज़ कर गई है।