CRIME

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में पिकअप चालक से लूट का हुआ खुलासा, पांच गिरफ्तार

 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में चार जुलाई को पिकअप चालक से हुए लूट मामले का पुलिस ने तीन दिनों में उद्भेदन कर दिया। पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया। गिरफ्तार सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के निवासी हैं। इनके पास से वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो, लूटी गई मोटरसाइकिल, आम के 92 कैरेट, तीन मोबाइल फोन और 2500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, चार जुलाई को काले रंग की स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में एक पिकअप वैन का पीछा कर उसे जबरन रुकवा लिया। इसके बाद चालक को बंधक बनाकर मारपीट की गई। चालक से चांदी की अंगूठी, नकदी, कपड़े, पिकअप पर लदे आम और एक मोटरसाइकिल लूटकर आरोपी फरार हो गए थे। घटना के बाद कृष्णाब्रह्म थाना में एफआईआर दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान चक्की थाना क्षेत्र के लक्ष्मण डेरा के पास पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को घेर लिया। मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उनकी निशानदेही पर बलिया में छापेमारी की गई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, लूटी गई मोटरसाइकिल और आम के सभी 92 कैरेट बरामद कर लिए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि प्रकाश उर्फ रोहित पांडेय, अमित यादव, विशाल पटेल, गुलसेर और शंकर चौरसिया के रूप में हुई है। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

गिरफ्तारी टीम में डुमराव एसडीपीओ पोलस्त कुमार, पुलिस निरीक्षक ओमप्रकाश कुमार, कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार, नया भोजपुर के सहायक थानाध्यक्ष चंदन कुमार तथा डीआईयू की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button