CRIME

हथियार के साथ मोबाइल दुकान में शराब पार्टी कर रहे तीन युवक गिरफ्तार 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

डुमरांव बाजार स्थित मोबाइल दुकान में हथियार के साथ शराब पार्टी कर रहे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। युवकों के पास से एक देसी कट्टा, तीन गोली, पांच मोबाइल और लगभग 750 एमएल शराब बरामद किया गया। गिरफ्तार युवकों के मेडिकल जांच के बाद आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

मंगलवार को डुमरांव में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को सोमवार को एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक, डुमरांव के ‘राहुल मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर’ में कुछ लोग अवैध हथियार के साथ जुटे हैं और शराब का सेवन कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त मोबाइल दुकान पर छापेमारी की। दुकान के भीतर तीन लोग शराब पीते हुए पाए गए। पुलिस टीम को देखते ही एक युवक ने हथियार छिपाकर भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने उसकी यह कोशिश नाकाम कर दी। पुलिस ने तीनों को पकड़ा। इसके बाद दुकान की तलाशी ली गई, जहां से छिपाकर रखा गया देसी कट्टा और तीन गोली बरामद किए गए। दुकान से पुलिस ने शराब की एक बोतल और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मेडिकल जांच में तीनों आरोपियों द्वारा शराब पीने की पुष्टि हो चुकी है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान डुमरांव के तिवारी टोला निवासी बैकुंठ नाथ मिश्रा के पुत्र प्रकाश कुमार मिश्रा उर्फ भीम, राजगढ़ चौक निवासी विजय प्रसाद के पुत्र राहुल कुमार उर्फ दशरथ कुमार और औद्योगिक थाना क्षेत्र के उपाध्यापुर निवासी कमलेश तिवारी के पुत्र वशिष्ट जी तिवारी के रूप में हुई है। पूछताछ में वशिष्ट तिवारी ने स्वीकार किया कि वह खुद ही हथियार और गोली लेकर उस दुकान पर आया था। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button