तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत, दो युवक गंभीर

बीआर दर्शन | बक्सर
रविवार को जिले के विभिन्न सड़क मार्गों पर हुए सडक हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं दो गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। वहीं जख्मियों का इलाज कराया जा रहा है। घटना कृष्णाब्रह्म और राजपुर थाना क्षेत्रों में हुए।

मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह एनएच-922 पर बड़का ढकाइच के समीप पहला हादसा हुआ। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज निवासी राज कुमार (23) और सूरज केशरी (21) बाइक से आरा से लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पार कर रहे एक अज्ञात अधेड़ से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अधेड़ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल राज कुमार को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। मृत अधेड़ की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

कृष्णाब्रह्म क्षेत्र के बड़का ढकाइच में ही दोपहर दूसरा हादसा हुआ। सिमरी के चकनी गांव निवासी लाल बिहारी यादव (65) सड़क पार कर रहे थे। तभी बक्सर श्मशान घाट जा रही एक शव यात्रा वाली बस ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस लेकर फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से बस की पहचान कर ली है और चालक की तलाश जारी है। तीसरी हृदयविदारक घटना राजपुर थाना क्षेत्र के राजपुर-दुल्फा मुख्य नहर पथ पर घटी। रोहतास के झुखुरियापुर निवासी हीरालाल सिंह का 12 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार हरपुर गांव स्थित अपनी मौसी के घर आया हुआ था। सुबह शौच के बाद वह नहर पथ पर टहल रहा था। तभी तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। हिमांशु अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।


कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात मृतक की शिनाख्त कराई जा रही है। वहीं फरार बस चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है। उधर, राजपुर पुलिस भी फरार बाइक सवार की तलाश में जुटी है।





