CRIME

तीन साल के बच्चे के साथ युवक ने किया अप्राकृतिक यौनाचार, आरोपी गिरफ्तार

 

बीआर दर्शन | बक्सर

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव में करीब तीन साल के बच्चे के साथ अप्राकृतिक यौन अपराध का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव का ही 30 वर्षीय युवक बच्चे को बहला-फुसलाकर धान के खेत में ले गया और उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, बच्चे को मेडिकल जांच के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब नौ बजे की है। बच्चा दुर्गा पूजा पंडाल के पास खेल रहा था। इसी दौरान आरोपी सूरज चौबे उसे बहला-फुसलाकर पंडाल से करीब 100 मीटर दूर धान के खेत में ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्चे के साथ अप्राकृतिक यौनाचार किया। घटना के बाद बच्चा रोते हुए अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

बताया जा रहा है कि पूजा पंडाल में तेज आवाज में साउंड बजने के कारण बच्चे के रोने की आवाज किसी को सुनाई नहीं दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने सूरज चौबे को गिरफ्तार कर लिया।

मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बच्चे को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button