घरों में हुए चोरी का खुलासा, छह गिरफ्तार, चोरी के गहने गलाकर बेचने वाला भी धराया

बीआर दर्शन | बक्सर
टाउन थाना क्षेत्र के नया बाजार स्थित अकौरा पथ पर दो घरों में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। चोरों के साथ चोरी के गहने गलाकर बेचने वाले स्वर्ण कारोबारी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। चोरी की वारदात 17 से 24 सितंबर के बीच हुई थी। चोरी की इन घटनाओं में कीमती सामान और आभूषण चोरी गए थे। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर पुराना गैस सिलेंडर, पीतल और कांसे के बर्तन समेत चोरी के कई सामान बरामद किए हैं।


पुलिस के अनुसार, चोरी की शिकायत मिलने के बाद एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर मामले की जांच शुरू की, जिसके बाद छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहन राम, सन्नी देवल, मनदीप कुमार, शुभम कुमार, बजरंगी प्रसाद और हरेंद्र यादव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार बजरंगी प्रसाद जेवर व्यवसायी है। उस पर चोरी के आभूषणों को गलाकर बेचने का आरोप है। पकड़े गए पांच आरोपितों ने पुलिस को बताया कि चोरी के आभूषण उसे दिए गए थे।


इस कार्रवाई में एसडीपीओ गौरव पांडेय, टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।





