चिकित्सक के निधन पर सदर अस्पताल में शोक सभा का हुआ आयोजन

बीआर दर्शन | बक्सर
सदर अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक डॉ राम कुमार गुप्ता का आकस्मिक निधन सोमवार को हो गया। निधन की सूचना मिलते ही सदर अस्पताल के कर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। दोपहर में सदर अस्पताल परिसर में शोक सभा का आयोजन कर चिकित्सक के याद में दो मिनट का मौन रखा गया।



सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ अमलेश कुमार ने बताया कि डॉ राम कुमार गुप्ता पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ्य चल रहे थे। पटना में उनका इलाज चल रहा था। सोमवार की सुबह उनके निधन की जानकारी मिली। सदर अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक डॉ राम कुमार गुप्ता काफी वर्षों से जिला मुख्यालय में कार्यरत थे। नया सदर अस्पताल बनने से पूर्व पुराने सदर अस्पताल में भी कार्य कर चुके। डॉ गुप्ता सदर अस्पताल में उपाधीक्षक के पद पर भी कार्य कर चुके थे। निधन के बाद सोमवार को दोपहर में सिविल सर्जन डॉ शिव कुमार प्रसाद चक्रवर्ती के नेतृत्व में शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा में डॉ नमिता सिंह, डॉ अमलेश कुमार, डॉ एससी मिश्रा, सदर अस्पताल प्रबंधक दुष्यंत सिंह, लिपिक गुंजन कुमार के साथ सभी चिकित्सक और कर्मी मौजूद थे।





