दिल्ली का कुख्यात वाहन चोर साथियों के साथ बक्सर में गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
दिल्ली का कुख्यात वाहन चोर गिरोह का सरगना साथियों के साथ बक्सर में गिरफ्तार हो गया। गिरफ्तार वाहन चोर गिरोह के सदस्यों के पास मास्टर चाबी, पिलास, पेचकस और अन्य औजार बरामद किया गया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद गिरफ्तार सभी आरोपितों को जेल भेज दिया।



टाउन थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली कि स्टेशन रोड स्थित अप्सरा होटल में दिल्ली का कुख्यात वाहन चोर गिरोह का सरगना साथियों के साथ ठहरा हुआ है। वह बक्सर के स्थानीय सदस्यों के साथ मिलकर वाहन चोरी का प्लान बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अप्सरा होटल में छापेमारी की। पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान होटल के एक कमरे वर्तमान में दिल्ली और स्थाई रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत जिला के टोड़ी गांव के रवि चौहान, बिहार के वैशाली जिले के तेजपुरवा गांव के मो. रेहान और वस्तीसरसिकान गांव के सोनु कुमार को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से वाहन चोरी में प्रयुक्त होने वाले औजार और मास्टर चाबी बरामद किया गया। गिरफ्तार वाहन चोर गिरोह के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि बक्सर गोलम्बर निवासी अजीत सिंह के सहयोग से बक्सर में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले थे। टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार रवि चौहान दिल्ली में वाहन चोरी के आरोप में कई बार जेल जा चुका था। घटना में आगे की कार्रवाई की जा रही है।





