दो दिनों से लापता नगर परिषद सफाईकर्मी का गंगा नदी में मिला शव

बीआर दर्शन | बक्सर
दो दिनों से लापता सफाईकर्मी का शव सोमवार को गंगा नदी से मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सफाईकर्मी शनिवार की सुबह से ही गायब था।



सिविल लाइन मठिया मुहल्ला निवासी उषा देवी ने थाना में अपने पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया था कि वह और उसका पति बोरा (50) नगर परिषद में सफाईकर्मी के रूप में काम करते हैं। शनिवार को उसके पति को अपने काम पर जाना था कि इसी बीच बिना कुछ कहे वह घर से निकल गया। इसके बाद उषा देवी ने टाउन थाना की पुलिस से पति के खोजबीन की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। सोमवार को गंगा पुल के पास उसका शव बरामद किया गया। आशंका जताई गई कि वह पुल से गंगा में कूद गया होगा और डूबने से उसकी मौत हो गई होगी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।





