शराब के नशे में देसी कट्टा के साथ कार सवार तीन गिरफ्तार, दो फरार

बीआर दर्शन | बक्सर
शराब के नशे के देसी कट्टा के साथ कार सवार तीन युवकों को पुलिस ने गोलम्बर के समीप से गिरफ्तार कर लिया। वहीं दो अन्य युवक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार युवकों से पूछताछ के बाद जेल भेज दिया वहीं फरार युवकों के गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है।


मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार की शाम टाउन थाना पुलिस गुप्त सूचना के आधार गोलम्बर के समीप वाहन जांच अभियान चला रही थी। उसी दौरान यूपी के तरफ से आ रही एक लग्जरी कार को रोका गया। पुलिस ने कार में सवार पांच युवकों को रोक पूछताछ करनी शुरू कर दी। पूछताछ में संदिग्ध हालात देखकर पुलिस ने सभी को कार से उतारने का प्रयास किया। इस दौरान कार में सवार दो युवक फरार हो गए। पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लेकर कार की तलाशी ली। कार से एक देसी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पांडेयपट्टी के स्व विजय शंकर राय के पुत्र रवि राय, मंदिल सिंह के पुत्र बिरेंद्र कुमार सिंह और नई बाजार के अब्दुल गफ्फार के पुत्र मो अनिश को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने पुलिस को बताया कि पांडेयपट्टी के खुबलाल गोंड़ के पुत्र अभय कुमार गोंड़ और बीरबल चौहान के पुत्र गुड्डु चौहान फरार हो गया। गिरफ्तार तीनों युवक शराब के नशे में भी मिले। पुलिस ने युवकों से पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया। टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार युवकों को जेल भेज दिया गया वहीं फरार युवकों के गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।





