जमीन के लालच में सो रही अधेड़ महिला पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
सिकरौल थाना क्षेत्र के भदार गांव में घर में सो रही अधेड़ महिला पर गांव के ही युवक ने जानलेवा हमला कर दिया। महिला ने शोर मचाया तो वह भाग खड़ा हुआ। जख्मी को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



बताया जा रहा है कि गांव के रमन सिंह की पत्नी शिला देवी (50वर्ष) बुधवार की रात अपने घर में सो रही थी। रात में गांव के ही धीराजन मुसहर ने घर में प्रवेश कर चाकू से हमला कर दिया। चाकू महिला के चेहरे, गर्दन, कंधे पर लगा। इस घटना की सूचना मिलने के उपरांत सिकरौल की पुलिस गुरुवार को मौके पर पहुंची। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को पूछताछ में बताया बुधवार की रात 11 बजे के लगभग धीराजन उनके घर में दाखिल हुआ। और महिला के ऊपर चाकू से हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर आरोपी ने महिला पर जानलेवा हमला किया था। आरोपी से पुलिस बारिकी से पूछताछ कर रही है। सिकरौल थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही। आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा। कोर्ट के आदेशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




