बक्सर के युवक को आरा में बाइक सवार अपराधियों ने मारी गोली, जख्मी
बीआर दर्शन। बक्सर
आरा में मौसी के घर दशहरा घुमने गए बक्सर के युवक को मंगलवार की रात बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी। युवक को इलाज के लिए आरा निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जांच आरा पुलिस कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक बक्सर नया बाजार के शिवजी सिंह के 21 वर्षीय पुत्र निखिल कुमार दशहरा घुमने बड़हरा के बबुरा अपने मौसी के घर गया था। युवक अपने मौसेरे भाई के साथ बाइक से बड़हरा से आरा जा रहा था। वे बबुरा पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे। तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार दो अपराधियों द्वारा उन्हें रोकने का इशारा किया गया। लेकिन डर के मारे उन्होंने बाइक नहीं रोकी। तभी बाइक पर पीछे बैठे अपराधी द्वारा उन पर फायरिंग कर दी गयी। उसमें उसे गोली लग गयी। उसके बाद दोनों अपराधी हथियार लहराते भाग निकले। जनकारी के अनुसार युवक को गोली उसके दाहिने हाथ में लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसका इलाज शहर के महावीर टोला स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में कराया जा रहा है। ज़ख्मी युवक स्नातक द्वितीय वर्ष का छात्र है। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। हालांकि घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। छिनतई के लिए गोली मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। आरा पुलिस घटना के बाद अपराधियों की पहचान और धरपकड़ में जुटी है। निखिल का इलाज कर रहे ऑर्थो सर्जन चिकित्सक डा.सूर्यकांत निराला ने बताया कि युवक को गोली दाहिने हाथ में बांह में लगी थी, जो अंदर फंसी थी। गोली लगने के कारण उसका खून काफी बह गया था। बांह की हड्डी भी टुट गई थी। ऑपरेशन कर गोली को निकाल दिया गया है।