CRIME

प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की संदिग्ध मौत, हिरासत में दो युवतियां 

 

 

बीआर दर्शन | बक्सर

शहर के शिवपुरी मोहल्ले में शनिवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव वार्ड संख्या-35 स्थित गौरैया बाबा के समीप एक हाते के पास मिला ।शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।‌ मृतक की पहचान भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चौसी गांव निवासी कमलेश पांडेय के पुत्र ओम पांडेय के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक ओम पांडेय शुक्रवार को कॉलेज के किसी कार्य से बक्सर आए थे। देर शाम वह अपनी एक परिचित युवती से मिलने शिवपुरी पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उनके साथ आए दोस्त कुछ दूरी पर रुक गए, जबकि ओम अकेले आगे चले गए। कुछ समय बाद उनका शव घर से कुछ दूरी पर संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला।

घटना की सूचना पर सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय, टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह तथा अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।

टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के मुताबिक युवक एक लड़की से मिलने के लिए आया था। फिलहाल मामले में दो युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना को लेकर सभी बिंदुओं पर जांच चल रही है और पूछताछ व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button