ट्रैक्टर से गिरकर श्रमिक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

बीआर दर्शन | बक्सर
इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बकसड़ा मोड़ के समीप रविवार की शाम ट्रैक्टर से गिरकर एक श्रमिक की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक रोहतास जिला के दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी बुधु चौधरी (40) रोजी-रोटी के लिए मजदूरी का काम करते थे। रविवार को भी वह ढलाई कार्य पूरा करने के बाद ट्रैक्टर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान इटाढ़ी-धनसोई मुख्य मार्ग स्थित बकसड़ा मोड़ के पास अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़े। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक बुधु चौधरी स्वर्गीय भानू चौधरी के पुत्र थे। घटना की सूचना मिलने पर इटाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

थानाध्यक्ष सोनू कुमार पासवान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर से गिरने के कारण मौत होने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





