उत्पाद पुलिस पर हमला करने मामले में महिला समेत चार शराब तस्कर गिरफ्तार

बीआर दर्शन | बक्सर
दानापुर रेलखंड के डुमरांव के समीप उत्पाद पुलिस पर हमला करने वाले एक अंतर्जिला शराब तस्कर गिरोह का रेल पुलिस ने पर्दाफाश किया है। रेल पुलिस ने महिला समेत चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल और अंग्रेजी शराब बरामद की है।रेल पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी को जेल भेज दिया।

27 मई को भागलपुर-एलटीटी एक्सप्रेस में उत्पाद विभाग की टीम शराब तस्करों के खिलाफ जांच अभियान चला रही थी। ट्रेन बक्सर से खुलने के बाद टीम ने एक महिला तस्कर को पकड़ लिया था। इसी दौरान अन्य तस्करों की तलाश के क्रम में कुछ तस्करों ने उत्पाद टीम का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच झड़प और हाथापाई हो गई। इसके बाद महिला समेत कई तस्कर कुशलपुर हाल्ट के पास ट्रेन की चेन पुलिंग कर फरार हो गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस अधीक्षक पटना अनंत कुमार राय ने मामले को गंभीरता से लिया। उत्पाद विभाग के आवेदन पर रेल थाना बक्सर में एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद डीएसपी कंचन राज के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, डंप डेटा और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह का खुलासा किया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान वैशाली निवासी जहाना खातून उर्फ खुशबू , जहानाबाद के अंकित कुमार, सारण निवासी वीरेंद्र कुमार राय उर्फ लालू और नालंदा निवासी रंजन शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी लोग शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। इनमें से कुछ लोग सप्लाई चेन और फॉरवर्ड लिंक में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तार वीरेंद्र कुमार राय उर्फ लालू के खिलाफ गर्दनीबाग थाना में उत्पाद अधिनियम का मामला दर्ज है। वहीं रंजन शर्मा के खिलाफ भी फूलवारीशरीफ थाना में उत्पाद से संबंधित केस दर्ज है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से पांच एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल, दो मोटरसाइकिल और 3.270 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है।




