करंट के चपेट में आने से मासूम समेत दो की मौत, पसरा मातम

बीआर दर्शन | बक्सर
जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को बिजली करंट लगने से मासूम समेत दो की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक सिकरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबूगंज इंग्लिश पंचायत के हरोजा गांव में बिजली के करंट की चपेट में आने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान स्वर्गीय सुखराज राम (पिता- स्व. रामबचन राम) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुखराज राम शुक्रवार दोपहर अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बिजली के तार की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद उनका शव खेत में पड़ा मिला। इसके बाद घटना की सूचना सिकरौल थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही सिकरौल थानाध्यक्ष दिलीप यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया बिजली के करंट की चपेट में आने से किसान की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं दूसरी ओर इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बसांव खुर्द गांव के गजरही टोला गांव के अनिल नोनिया का 6 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार की मौत करंट के चपेट में आने से हो गई। स्थानीय पुलिस के मुताबिक आदित्य घर में लगे पंखे को चलाने का प्रयास कर रहा था उसी दौरान करंट के चपेट में आ गया। बच्चे की मौत मौके पर ही हो गई थी। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच में जुटी हुई है।





