मांगों को लेकर सफाई कर्मियों ने झाड़ू, कुदाल, बेलचा के साथ किया विरोध प्रदर्शन

बीआर दर्शन | बक्सर
समय से मानदेय नहीं मिलने समेत अन्य मांगों को लेकर समर्थन में गुरुवार को नगर परिषद के सफाई कर्मी कामकाज ठप कर हड़ताल पर चले गये। शहर की सड़कों से कूड़ा-कचरा का उठाव नहीं हुआ। कर्मियों ने नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ झाड़ू, कुदाल, बेलचा के साथ विरोध प्रदर्शन किया। नप के सभापति, ईओ और कार्यरत नये एनजीओ के खिलाफ सफाई कर्मियों ने जमकर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व नगर परिषद सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष वृज किशोर उपाध्याय उर्फ मोहन उपाध्याय कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आगामी 15 फरवरी को प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बक्सर आगमन हो रहा है। नगर परिषद प्रशासन की ओर से सफाई कर्मिर्यों के साथ किये जा रहे अन्याय और अपनी अन्य मांगों को लेकर आवेदन सौंपेंगे।
प्रदर्शन में शामिल सफाई कर्मियों ने एक स्वर में कहा कि समय से और वाजिब वेतनमान नहीं मिलता है। ऐसे में शहर की सफाई तो करते हैं, लेकिन परिवार का पेट भरना मुश्किल हो गया है। एनजीओ के द्वारा पीएफ का पैसा भी नहीं जमा किया जा रहा है। सब कुछ जानते हुए भी साहब लोग हम गरीब सफाई कर्मियों के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं। संघ के अध्यक्ष ने कहा कि जब भी सफाई कर्मियों के वेतनमान से संबंधित ईओ से बात कही जाती है, तो कहते हैं हम पैसा नहीं देंगे। नप के चेयरमैन की ओर से भी सफाई कर्मियों की हित में कोई पहल नहीं जा रहा। अब हम किससे गुहार लगाए। लाचार होकर हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया है।
हड़ताल से शहर की सूरत बिगड़ गई। शहर के सभी सड़कों पर कूड़ा-कचरा का ढेर लग गया है। लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। सुबह से तेज हवा चल रही है। ऐसे में सड़क पर बिखरा कचरा हवा के साथ उड़कर घरों और दुकानों में आ जा रहा है। एक तरफ मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उन रास्तों को चकाचक किया जा रहा है, जिससे होकर उनका काफिला गुजरेगा, वहीं दूसरी तरफ शहर के अन्य इलाका गंदगी से बजबजाना शुरू हो गया है।
इस मामले जब ईओ आशुतोष कुमार गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने कहा कि कुछ समय के लिए कर्मी काम बंद किये थे, लेकिन अब वे सफाई कार्य में लग गये हैं, वहीं दूसरी ओर नगर परिषद सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मोहन उपाध्याय सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर आगे भी हड़ताल जारी रखने की बात कह रहे हैं।