संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत, गला दबाकर हत्या का आरोप

बीआर दर्शन | बक्सर
नावानगर थाना क्षेत्र के तोराव खास गांव में शुक्रवार की शाम एक 24 वर्षीय नवविवाहित महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले और पुलिस मौके पर पहुंच गई। मायके वालों के आरोप पर पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया।


मिली जानकारी के मुताबिक इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव के मुन्ना राम की पुत्री संजु की शादी वर्ष 2021 में नावानगर थाना क्षेत्र तोराव ख़ास गांव हरिनाथ राम के पुत्र निरंजन राम के साथ हुई थी। मृतका के पिता मुन्ना राम ने पुलिस को बताया कि उनके पिता की तबीयत गंभीर रूप से खराब होने के कारण बेटी की विदाई को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान शुक्रवार की शाम संजू देवी के ससुर हरिनाथ राम का फोन आया, जिसमें बताया गया कि संजू के पेट में अचानक तेज दर्द उठा और अस्पताल ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही जब मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे, तो संजू देवी की गर्दन पर रस्सी के स्पष्ट निशान दिखाई दिए। इसे देखकर परिजनों ने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया और तुरंत घटना को लेकर मृतका के पिता मुन्ना राम ने नावानगर थाना पुलिस को सूचना दी। मृतका के पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए पति, ससुर हरिनाथ राम, सास एवं परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति निरंजन राम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। बताया गया कि मृतका अपने पीछे दो छोटे पुत्र और छह माह की एक बेटी को छोड़ गई है।





