CRIME

रेलवे ट्रैक पर शराब तस्करों ने उत्पाद पुलिस पर किया हमला, बाल – बाल बचे रेलयात्री

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

डीडीयू-दानापुर रेलखंड पर शराब तस्करों ने उत्पाद पुलिस पर हमला कर दिया। बुधवार की सुबह लोकमान्य तिलक टर्मिनल-पटना एक्सप्रेस में छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर तस्करों ने हमला बोल दिया। घटना बक्सर और डुमरांव स्टेशन के बीच कुशलपुर हाल्ट के समीप हुई। हालांकि इस हमले में पुलिसकर्मी और रेल यात्री बाल-बाल बच गए। घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को लोकमान्य तिलक टर्मिनल-पटना एक्सप्रेस के जरिए अवैध शराब तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एएसआई संजीत तिवारी के नेतृत्व में उत्पाद पुलिस की टीम ट्रेन में सवार हुई थी। विभाग की योजना डुमरांव स्टेशन पर तस्करों को पकड़ने की थी, लेकिन पुलिस की मौजूदगी की भनक लगते ही तस्कर सतर्क हो गए। बताया जा रहा है कि डुमरांव पहुंचने से पहले ही कुशलपुर हाल्ट के समीप तस्करों ने ट्रेन की चेन पुलिंग कर दी। ट्रेन रुकते ही करीब 20 से 25 संदिग्ध युवक तेजी से नीचे उतरने लगे। इस दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों की संख्या कम होने का फायदा उठाते हुए तस्कर उग्र हो गए और टीम पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तस्करों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और पथराव करने की भी कोशिश की। अचानक हुए इस हमले से कुछ देर के लिए ट्रेन में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। यात्री सहम गए । हमले के दौरान उत्पाद विभाग की टीम किसी तरह खुद को सुरक्षित बचाने में सफल रही, लेकिन तस्कर शराब के साथ मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद दानापुर रेल कंट्रोल को अलर्ट कर दिया गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीमें सक्रिय हो गईं। मामले में जीआरपी थाने में एफआईआर भी दर्ज कर दी गई है।

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि शराब तस्करों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।  स्थानीय लोगों का कहना है कि डीडीयू-दानापुर रेलखंड पर शराब तस्करों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। कुछ महीने पहले भी इसी इलाके में पुलिस टीम पर हमले की घटना सामने आई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button