स्नान करने के दौरान तालाब में डूबने से 12 वर्षीय किशोर की मौत

बीआर दर्शन | बक्सर
मुरार थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव में बुधवार की सुबह तालाब में डूबने से 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान वीरपुर निवासी गुड्डु यादव के पुत्र अर्जुन यादव के रूप में हुई है। अर्जुन के पिता हैदराबाद में मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वह गांव के लिए रवाना हो गए।

मिली जानकारी के मुताबिक अर्जुन सुबह करीब साढ़े नौ बजे अपने दोस्तों के साथ तालाब में नहाने गया था। सभी बच्चे तालाब में नहा रहे थे। इसी दौरान अर्जुन गहरे पानी में चला गया। पानी अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूब गया।

बताया जाता है कि उसके दोस्तों को घटना की भनक तक नहीं लगी। वे नहाने के बाद अपने-अपने घर लौट गए। काफी देर तक अर्जुन के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी।

इसी बीच गांव के कुछ लोगों ने तालाब में डूबने की आशंका जताई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास जुट गए। स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। करीब आधे घंटे तक चले खोज अभियान के बाद गोताखोरों ने तालाब के गहरे हिस्से से अर्जुन का शव बाहर निकाला। शव बाहर आते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे लेकर चौगाईं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. मितेन्द्र कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।





