CRIME

प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने बेटी को बनाया बंधक, पुलिस ने कराया मुक्त 

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

नया भोजपुर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह से नाराज परिजनों अपनी ही पुत्री को घर में बंधक बना लिया। आरोप है कि परिजन युवती को बंधक बना प्रताड़ित कर रहे थे। प्रताड़ना की सूचना मिलने पर युवती का कथित पति पुलिस के साथ मौके पर पहुंच युवती को मुक्त कराया। घटना को लेकर तीन अलग-अलग एफआईआर स्थानीय थाना में दर्ज कराई गई।‌ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती के माता-पिता के साथ तीन भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक नया भोजपुर थाना क्षेत्र की एक युवती ने कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक युवक से इसी वर्ष फरवरी माह में कोर्ट मैरिज की थी। शादी के कुछ समय बाद युवती के परिजन उसे बहला-फुसलाकर वापस घर ले आए। परिजनों ने सामाजिक रीति-रिवाज से शादी कराने का भरोसा दिया था। युवती ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसे करीब दस दिनों तक घर में बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और कई बार भोजन तक नहीं दिया गया। युवती ने आरोप लगाया कि उसके माता-पिता और भाई उसकी तथा उसके प्रेमी की हत्या की साजिश भी रच रहे थे।

इधर, पत्नी के साथ हो रहे अत्याचार की जानकारी मिलने पर कथित पति युवती के घर पहुंचा। वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसका सिर फोड़ दिया गया। इसके बाद युवक ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बुधवार की सुबह नया भोजपुर थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। लेकिन युवती के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी और हाथापाई भी की गई। विरोध बढ़ता देख पुलिस टीम को वापस लौटना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ पोलस्त कुमार के निर्देशन में देर शाम दोबारा छापेमारी की गई। नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस और भारी संख्या में अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया।

पुलिस ने मौके से युवती के माता-पिता के साथ तीनों भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे मामले में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। पहला केस युवती के बयान पर, दूसरा युवक के बयान पर और तीसरा पुलिस टीम के साथ हाथापाई के आरोप में दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button