नीलगाय से टकराईं बाइक, पूर्व मुखिया सह वरिष्ठ कांग्रेस नेता की मौत

बीआर दर्शन | बक्सर
बनारपुर पंचायत के पूर्व मुखिया व वरिष्ठ कांग्रेस नेता रवींद्रनाथ उपाध्याय उर्फ ‘बुचा उपाध्याय’ की गुरुवार दोपहर सड़क दुघर्टना में मौत हो गई। वह लगभग 65 वर्ष के थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खिलाफतपुर गांव निवासी बुच्चा उपाध्याय बक्सर से बाइक से चौसा लौट रहे थे। इसी दौरान हादीपुर और मिश्रवलिया गांव के बीच अचानक एक नीलगाय उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।


घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में शुभचिंतक और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। बुचा उपाध्याय बनारपुर के पूर्व मुखिया रह चुके थे। वह लंबे समय से कांग्रेस की राजनीति से जुड़े हुए थे और क्षेत्र में सक्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी पहचान रखते थे। पिछले नगर पंचायत चुनाव में उन्होंने चौसा नगर पंचायत क्षेत्र से भी चुनाव लड़ा था। सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी के कारण वह इलाके में काफी लोकप्रिय थे।





