CRIME

थाना में भूमि विवाद सुलझाने के दौरान सीओ पर हमला, हमलावर गिरफ्तार

 

बीआर दर्शन | बक्सर

सिमरी अंचल क्षेत्र के तिलक राय के हाता थाना परिसर में भूमि विवाद के निपटारे के दौरान जमकर मारपीट होने का मामला सामने आया है। इस घटना में सिमरी के अंचलाधिकारी (सीओ) भगवती शंकर पांडेय गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सीओ को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। थाने में ही एक प्रशासनिक अधिकारी के साथ हुई मारपीट की घटना से इलाके में चर्चा का माहौल है। घटना के बाद सीओ द्वारा स्थानीय थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

सीओ ने मीडिया को बताया कि बीते 1 अगस्त 2026 को केशवपुर पंचायत के मानिकपुर गांव निवासी प्रथम पक्ष के रामबचन यादव एवं अन्य तथा द्वितीय पक्ष के ओमप्रकाश यादव एवं अन्य के बीच भूमि विवाद को लेकर शिकायत की गई थी। दोनों पक्षों के बीच विवाद लगातार जारी था। इसी मामले को सुलझाने के लिए शुक्रवार को तिलक राय के हाता थानाध्यक्ष ने फोन कर उन्हें थाना पर बुलाया था।

सीओ के अनुसार, थाने पहुंचने के बाद दोनों पक्षों की मौजूदगी में भूमि विवाद का समाधान कराने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान जसदेव यादव ने उनका कॉलर पकड़कर धक्का दे दिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोप है कि जसदेव यादव ने जान से मारने की नीयत से उनका गला दबाना शुरू कर दिया और मारपीट कर उन्हें जख्मी कर दिया।

घटना को लेकर अंचलाधिकारी की ओर से तिलक राय के हाता थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है। मामले में थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button