सरस्वती शिशु मंदिर में मातृ-पितृ पूजन सह वार्षिकोत्सव संपन्न

बीआर दर्शन | बक्सर
शहर के रामरेखा घाट स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में सोमवार को प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी वार्षिकोत्सव सह मातृ-पितृ पूजन उत्सव का आयोजन किया गया। समारोह का विधिवत उद्घाटन भोजपुर विभाग प्रमुख लालबाबू प्रसाद, बालिका खण्ड संकुल प्रमुख मनोरंजन सिंह,अहिरौली विद्या मंदिर के कोषाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार और प्रधानाचार्य जैनेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन और माँ सरस्वती, ऊँ और भारतमाता के चित्र पर पुष्पार्चन के साथ किया।

अतिथियों का परिचय प्रधानाचार्य ने कराया।आचार्या माया देवी के संचालन में अष्टम की बहनों द्वारा उपस्थित अभिभावकों के समक्ष भव्य स्वागत-नृत्य प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात उपस्थित सभी भैया-बहनों ने अपने-अपने माता-पिता का रोली-चंदन, अक्षत और दीप से पूजन-वंदन और आरती किया। अत्यंत संस्कारमय वातावरण में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के साथ बाल मेला में सजी स्टॉल्स का उद्घाटन उपस्थित अतिथियों द्वारा किया गया। शिशु-विद्या मंदिर के अनेक भैया-बहनों द्वारा लगी स्टॉलस पर बच्चों खूब चाटकारे लिए और विभिन्न आइटम्स का लुफ्त उठाया।

समापन के समय अपने सम्बोधन में विभाग निरीक्षक बाबूलाल प्रसाद ने कहा कि विद्या भारती द्वारा मातृ-पितृ पूजन सह वार्षिकोत्सव द्वारा बच्चों में माता पिता के प्रति सम्मान का जागरण किया जाता है। अभिभावकों की तत्परता और रुचि से हमें शिक्षा के साथ संस्कार की दिशा में अच्छी सफलता मिल रही है । अपने आभार ज्ञापन सह अध्यक्षीय वक्तव्य में कन्हैया पाठक ने कहा कि बच्चों द्वारा माता-पिता का यह उत्कृष्ट पूजन देखकर सुखद अनुभूति हो रही है। शिशु-विद्या मंदिर द्वारा आयोजित इस तरह का कार्यक्रम बच्चों में अच्छे संस्कार का बीजारोपण करने में पूर्णतः सक्षम है। इसका अनुकरण अन्य प्रकार के विद्यालयों को भी अवश्य ही करना चाहिए ताकि भावी पीढ़ी के बीच संस्कार को बचाया जा सके।

मौके पर अभिभावकगण सहित ममता सिंह, वीणादेवी, एकता कुमारी, सीमा सिंह, सुनील दुबे, उमेश कुमार पाठक थे।




