मायके से बाजार करने गई महिला का छेरा नदी में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

बीआर दर्शन। बक्सर
सोनवर्षा ओपी क्षेत्र के डिहरा गांव के समीप छेरा नदी में बुधवार को महिला का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका मायके में थी। घटना की सूचना उसके ससुराल वालों को दे दी गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक डिहरा गांव के सुकर यादव की बेटी पूजा उर्फ धानामुखी (25 वर्ष) की शादी आरा जिला के जगदीशपुर प्रखंड के भटौली गांव में हुई थी। पूजा क़रीब दस दिन पूर्व मायके में आई हुई थी।ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि मंगलवार दिन को महिला सोनवर्षा बाजार में बैंक में पैसा की निकासी करने गई थी। जहां से पैसा निकासी करने के बाद वह अपने मायके डिहरा आ गई थी। लेकिन मृतका का पर्स बैंक में छूट जाने के कारण मृतका पुनः सोनवर्षा बाजार के बैंक में गई थी। मंगलवार की देर शाम तक नहीं लौटने पर परिजन खोजबीन शुरू कर दिए। बुधवार को महिला का शव गांव के समीप छेरा नदी में मिला। ग्रामीणों का कहना है कि नदी में हाथ-पैर धोने के दौरान हादसा हुआ होगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस परिजनों से पूछताछ के बाद मामले में सभी विंदुओं पर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतका को एक ढाई साल की बच्ची और एक वर्ष का पुत्र है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो रोकर बुरा हाल बना हुआ है। मृतका का पति अपने गांव भटौली में रहकर खेती कार्य करता है।