डुमरांव में हुए मुलायम हत्याकांड का खुलासा, दो युवक गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

बीआर दर्शन | बक्सर
डुमरांव थाना क्षेत्र के सम्हार-महरौरा मार्ग पर हुए मुलायम सिंह यादव की हत्याकांड में पुलिस ने दो को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की गई है। दोनों आरोपित मृतक के गांव सम्हार के ही रहने वाले हैं।


मंगलवार को डुमरांव के प्रभारी डीएसपी समीर कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सम्हार गांव निवासी सोनम कुमार उर्फ मल्लु, पिता धर्मेंद्र यादव और प्रतीक यादव उर्फ पिंटू, पिता स्वर्गीय राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है।


पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक महिला के साथ कथित अभद्र व्यवहार को हत्या की वजह बताया जा रहा है। इसी बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि विवाद कैसे बढ़ा और हत्या की साजिश किस तरह रची गई। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हत्याकांड से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच अभी जारी है। मुलायम सिंह यादव की हत्या के बाद उनके पिता उदय नारायण सिंह उर्फ वकील यादव ने पैतृक संपत्ति की करीब पौने दो बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद में हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। हालांकि, प्रभारी डीएसपी के अनुसार, प्राथमिकी में लगाए गए जमीन विवाद से संबंधित आरोपों की अब तक पुष्टि नहीं हुई है।





