CRIME

शराब तस्करों को लूटने वाले युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस ने भेजा जेल

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के धरहरा बाजार में हथियार चमकाने वाले दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने पकड़े गए युवकों को स्थानीय पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों युवक उत्तर प्रदेश से शराब लेकर बिहार में प्रवेश करने वाले तस्करों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। उनके कब्जे से एक देसी कट्टा, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की देर शाम धरहरा बाजार स्थित एक चाय दुकान पर दो युवकों की गतिविधियां स्थानीय लोगों को संदिग्ध लगीं। लोगों ने बिना देर किए इसकी सूचना कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान एक देसी कट्टा बरामद होने पर दोनों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भोजपुर जिले के कारनामेपुर थाना क्षेत्र के देमलपुर निवासी चंदन यादव तथा नैनीजोर थाना क्षेत्र के छोटकी नैनीजोर निवासी लवकुश तिवारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से बरामद दो बाइक और चार मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि दोनों आरोपी नैनीजोर बांध के समीप उत्तर प्रदेश से शराब लेकर आने वाले तस्करों की रेकी कर उन्हें निशाना बनाते थे। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

प्रभारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार गोंड़ ने बताया कि बरामद देसी कट्टा को जब्त कर दोनों आरोपितों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूछताछ के बाद सोमवार को दोनों को जेल भेज दिया। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button