CRIME

दो दिन से लापता मजदूर का बंद बोरिंग में मिला शव, हत्या के आरोप में सड़क जाम; एक गिरफ्तार

 

बीआर दर्शन | बक्सर 

बगेन गोला थाना क्षेत्र के एकरासी गांव में दो दिन से लापता एक मजदूर का शव बंद पड़े बोरिंग से बरामद हुआ। सोमवार को शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए बगेन चौक के पास मुख्य सड़क को करीब डेढ़ घंटे तक जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया और मृतक की पत्नी के बयान पर नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पहचान एकरासी गांव निवासी 40 वर्षीय प्रवेश मुसहर, पिता प्रेमा मुसहर के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक वह गांव के ही मनन चौधरी के यहां मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार प्रवेश दो दिन पहले मजदूरी के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।

सोमवार की सुबह परिजन उसकी तलाश करते हुए मनन चौधरी के बधार स्थित बंद पड़े बोरिंग के पास पहुंचे। वहां से तेज दुर्गंध आने पर उन्हें शक हुआ। बोरिंग का दरवाजा बाहर से बंद था। परिजनों ने ताला तोड़कर अंदर देखा तो प्रवेश का शव पड़ा मिला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

शव मिलने के बाद परिजनों ने मनन चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह जबरन मजदूरी करा रहा था। विरोध करने पर बिजली का करंट लगाकर उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों का यह भी दावा है कि मृतक की जांघ पर जले के निशान मिले हैं, जिससे उनकी आशंका और गहरा गई। घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने बगेन चौक के समीप मुख्य सड़क जाम कर दी, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही बगेन गोला थाना पुलिस के साथ मुरार और ब्रह्मपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में वरीय अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच तथा त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। पुलिस ने मृतक की पत्नी सीता देवी के बयान पर मनन चौधरी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करते हुए उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि बगेन गोला थाना क्षेत्र में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी के बयान पर एक नामजद आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य तथा अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button