CRIME

नकदी और जेवर लेकर दुल्हन फरार, ससुराल वालों ने दर्ज कराई एफआईआर 

 

बीआर दर्शन | बक्सर

शादी के महज आठ दिन बाद ही ससुराल से नकदी और जेवर लेकर दुल्हन फरार हो गई। हैरान करने वाला मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र से सामने आया है। घटना के बाद ससुराल पक्ष सकते में है। पीड़ित पति ने पत्नी के कथित प्रेमी के साथ फरार होने और घर में रखे नकदी व जेवरात लेकर जाने का आरोप लगाते हुए मुफस्सिल थाना में एफआईआर दर्ज कराई है।

मिली जानकारी के मुताबिक चौसा नगर पंचायत के नरबतपुर निवासी मिथिलेश कुमार यादव की शादी 8 मई को भोजपुर जिले के बहोरनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्छु टोला निवासी सोनी कुमारी के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार धूमधाम से संपन्न हुई थी। शादी के बाद नवविवाहिता के ससुराल पहुंचने पर परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन यह खुशी ज्यादा दिनों तक नहीं रह सकी। पीड़ित पति मिथिलेश कुमार यादव ने बताया कि 17 मई की रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सोने चले गए थे। गर्मी अधिक होने के कारण वह घर की छत पर सोने चला गया। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो नवविवाहिता घर में नहीं मिली। पहले तो परिजनों ने आसपास खोजबीन की, लेकिन काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। काफी प्रयास के बाद दुल्हन का सुराग नहीं मिला तो ससुराल वालों ने 25 मई को मुफस्सिल थाना में एफआईआर दर्ज कराई।

इसी दौरान जब घर की जांच की गई तो पता चला कि घर में रखे सोने के आभूषण और लगभग 45 हजार रुपये नकद भी गायब हैं। परिजनों के अनुसार गायब जेवरात की कीमत करीब ढाई लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि नवविवाहिता लगातार किसी से मोबाइल फोन पर बातचीत करती रहती थी। ऐसे में उन्हें आशंका है कि उसका पूर्व से किसी युवक के साथ प्रेम संबंध था और उसी के साथ वह फरार हो गई है। परिवार ने पुलिस से मोबाइल कॉल डिटेल की जांच कराने की मांग की है ताकि पूरे मामले का खुलासा हो सके। मामले को लेकर मुफस्सिल थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button